Report by : Paras Bisht
Published at :
Screenshot 2026 11 06 16 18 26 36 7ecc343528d84aae1423bfb8eca3bd44

हल्द्वानी पुलिस ने 6 चोरी की बाइकों के साथ 3 शातिर चोरों और एक मैकेनिक को किया गिरफ्तार। जानिए कैसे चल रहा था गाड़ियों की बिक्री और कटाई का काला खेल।

हल्द्वानी। हल्द्वानी क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस टीम ने गिरोह के तीन शातिर आरोपियों और चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई छह बाइकें बरामद की हैं। यह सफलता वनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में मिली, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सुरागों के आधार पर गौला बाईपास रोड से संदिग्धों को दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से दोपहिया वाहन चुराने की बात स्वीकार की।
जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी की गाड़ियां मुखानी क्षेत्र के मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को सौंप देता था। मैकेनिक इन गाड़ियों को उत्तर प्रदेश के ग्राहकों को बेचता था या उनके कलपुर्जे अलग-अलग करके बाजार में खपा देता था। इससे मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन और मैकेनिक के ठिकाने से तीन हीरो स्प्लेंडर बाइकें बरामद की हैं।
पकड़े गए आरोपियों में करन पाठक, योगेश कुमार आर्या, दीपक शर्मा और मैकेनिक विजय श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस टीम की इस तत्परता और त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। इस सफलता के बाद पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रख रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›