चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
उत्तरकाशी में प्रेम प्रसंग के चलते मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में प्रेम प्रसंग के चलते एक मोटर मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला समेत 7 के खिलाफ केस दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उत्तरकाशी। जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के चलते एक 34 वर्षीय मोटर मैकेनिक रोशन लाल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक महिला सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चिन्यालीसौड़ बधाण निवासी रोशन लाल शनिवार शाम गांव के ही कुछ लोगों के साथ कुटेटी बैरियर की ओर घूमने गया था। उसी दौरान साथ मौजूद लोगों ने किसी बात को लेकर उस पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गंभीर रूप से घायल रोशन को जिला अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान रोशन लाल ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक के बड़े भाई संजय लाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेन्द्र के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धरासू पुलिस ने तत्परता दिखाई और नामजद आरोपियों में से अर्जुन, विकास, विरेन्द्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे फरार आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




