Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी बेस अस्पताल में डायलिसिस के दौरान महिला की मौत, मचा हड़कंप

उत्तरकाशी के मोरी तहसील में स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी आवासीय इमारत में रात को लगी भीषण आग। हादसे में पूर्व कर्मचारी पार्वती जैन की दर्दनाक मौत।

उत्तरकाशी। जनपद से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मोरी तहसील के आराकोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने आवासीय भवन में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में इमारत के अंदर मौजूद 75 वर्षीया पार्वती जैन की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। वह इसी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थीं और कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त हुई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा मंगलवार देर रात करीब 12:58 बजे हुआ। इमारत से आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर सर्विस को दी गई। आग इतनी प्रचंड थी कि स्थानीय दमकल गाड़ियों के अलावा पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की संयुक्त टीमों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पार्वती जैन को नहीं बचाया जा सका। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्तर पर आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग शॉर्ट सर्किट और अन्य संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›