Sarthak Bisht

रा इ का बाराकूना में आयोजित 5 दिवसीय भारत स्काउट गाइड तृतीय सोपान शिविर संपन्न हुआ। बच्चों ने प्राथमिक चिकित्सा, हाइकिंग और मैपिंग का प्रशिक्षण लिया।

IMG 20261010 WA0012

धौलादेवी। भारत स्काउट गाइड के तत्वाधान में राजकीय इंटर कॉलेज बाराकूना में आयोजित पांच दिवसीय ‘तृतीय सोपान शिविर’ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 5 अक्टूबर 2026 से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना था। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की साहसिक और व्यावहारिक गतिविधियों में प्रशिक्षित किया गया।
शिविर के दौरान बच्चों को प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, आग जलाना, हाइकिंग और मानचित्र पढ़ने की तकनीक सिखाई गई। इसके अलावा दिशाओं का ज्ञान, अनुमान लगाना और कैम्प क्राफ्ट जैसी महत्वपूर्ण कलाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। जिला संगठन आयुक्त दिगंबर फुलोरिया, जिला सचिव मोहन चंद्र भट्ट और जिला स्काउट मास्टर पूरन चंद्र पांडे सहित कई योग्य प्रशिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन किया।

IMG 20261010 WA0010


समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिरकत कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना का विकास होता है।
शिविर को सफल बनाने में ब्लॉक सचिव प्रमोद कांडपाल, एलओई स्काउट सुरेश राम, एलओई गाइड कविता चौबे, प्रधानाचार्य चंदन सिंह बिष्ट और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धीरेंद्र पाठक का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भी उपस्थित रहे।

IMG 20261010 WA0011