मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखण्ड-2026’ कार्यक्रम में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से संवाद किया और पर्यटन व संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म की व्यापक पहुंच के माध्यम से राज्य की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखण्ड-2026’ कार्यक्रम में प्रदेश के प्रमुख सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से संवाद कर रहे थे।
इस विशेष कार्यक्रम में देश-विदेश में लोकप्रिय यूट्यूबर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, कलाकारों और फिल्म जगत की हस्तियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के बीच पहुंचकर उनके अनुभव सुने और उनके विभिन्न सवालों के सहजता से जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की संभावनाएं केवल प्रसिद्ध स्थलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई अनछुए और खूबसूरत पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं। मिलम ग्लेशियर, चकराता, माणा और मलारी जैसे स्थलों को डिजिटल माध्यमों से पहचान दिलाकर पर्यटन के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे केवल व्यूज के लिए भ्रामक जानकारी से बचें और विश्वसनीयता को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम के दौरान कंटेंट क्रिएटर्स ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, रिवर्स माइग्रेशन और वेडिंग डेस्टिनेशन जैसे विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी सवालों के विस्तार से जवाब दिए और सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन, यूट्यूबर सौरव जोशी, आशा नेगी सहित कई प्रमुख प्रतिभाएं उपस्थित रहीं और मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्रिएटर्स को सम्मानित भी किया।
