CWN Desk

जौनसार-बावर के कचटा गांव में पति ने शक के चलते धारदार हथियार से पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी पति को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें।

देहरादून। जिले के कालसी क्षेत्र के जौनसार-बावर के कोरू खत स्थित कचटा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने शक के चलते अपनी पत्नी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पति मनोज अपनी पत्नी नीलम के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ दिन पहले भी विवाद होने पर नीलम अपने मायके लखवाड़ चली गई थी, लेकिन पति के मनाने पर वह वापस ससुराल लौट आई थी।
गुरुवार को दोनों के बीच एक बार फिर बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई, जो इतनी बढ़ गई कि मनोज ने घर के बरामदे में ही धारदार हथियार से पत्नी की गर्दन पर कई वार कर दिए। इस हमले में नीलम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था।
घटना के बाद सतर्क स्थानीय ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी मनोज को तुरंत दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।