CWN Desk

हल्द्वानी में प्राचीन श्री शिव सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री राम बारात से पहले मेहंदी रस्म में 5000 महिलाओं ने हिस्सा लिया। जानिए पूरी भव्य खबर।

हल्द्वानी। प्राचीन श्री शिव सेवा समिति द्वारा प्रभु श्री राम की भव्य बारात से पहले आयोजित मेहंदी रस्म में अभूतपूर्व आस्था देखने को मिली। अयोध्यापुरी राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में करीब 5000 महिलाओं ने भाग लिया और प्रभु के चरणों की मेहंदी रचाई। पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
मेहंदी रस्म के दौरान पंजाबी शहनाई की मधुर धुनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और उत्सव जैसा माहौल बनाया। इसके साथ ही प्रसिद्ध टी-सीरीज कलाकार हरजीत दीवाना और राखी रबीना ने अपने मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इन भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे और राम भक्ति में पूरी तरह तल्लीन नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान वर पक्ष की ओर से शगुन, मेहंदी और फल लेकर रामलीला मैदान पहुंचा गया, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। वहीं कन्या पक्ष की तरफ से सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी एवं रामलीला संचालन समिति के पदाधिकारियों ने पहुंचकर पारंपरिक रस्मों को निभाया। इस भव्य मिलन ने पूरे आयोजन को वास्तविक विवाह समारोह का रूप दे दिया।
संयोजक हरिमोहन अरोड़ा ने बताया कि आगामी 11 अक्टूबर को अयोध्यापुरी राधा-कृष्ण मंदिर से भव्य राम बारात निकाली जाएगी। समिति ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से बारात में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।