कालू वर्मा

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सीएम धामी ने हरिद्वार हरकी पैड़ी पर कैबिनेट सहयोगियों के साथ गंगा पूजन और आरती की।

हरिद्वार। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने पर उत्तराखंड में विशेष उत्साह देखा गया। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सहयोगियों के साथ धर्मनगरी हरिद्वार स्थित विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना और भव्य आरती की।
मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन प्रदान करें। उन्होंने देश और प्रदेश की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की भी कामना की। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक, उन्होंने राष्ट्र सेवा के 25 स्वर्णिम वर्ष पूरे किए हैं।
हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के तुरंत बाद, मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई। राज्य सरकार की यह अनूठी पहल है कि शासन को जनता के और अधिक करीब लाने के लिए विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इससे पहले चंपावत के बनबसा में भी ऐसी बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी है।
इस अवसर पर स्थानीय जनता और कैबिनेट मंत्रियों में भी प्रधानमंत्री के कार्यकाल के रजत जयंती वर्ष को लेकर काफी उत्साह नजर आया। प्रशासन और सरकार का मानना है कि मां गंगा के आशीर्वाद से लिए जाने वाले ये नीतिगत निर्णय प्रदेश के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगे।