Paras Bisht

हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। जानिए पूरी खबर।

हल्द्वानी। छात्राओं से जुड़े एक मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने नैनीताल की जिलाध्यक्ष कंचन उप्रेती के नेतृत्व में हल्द्वानी के प्रसिद्ध बुद्ध पार्क में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
महिला मोर्चा ने कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी छात्राओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में लीपापोती कर रही है। पदाधिकारियों का कहना था कि छात्राओं के अपमान और सुरक्षा के हनन पर देश की महिलाएं बिल्कुल चुप नहीं बैठेंगी और इस प्रकार के कृत्यों का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के बाद भी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का रुख बेहद निराशाजनक रहा है। शिक्षा के मंदिर में छात्राओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक संरक्षण देने के बजाय दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस उग्र प्रदर्शन में दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा, पूनम जोशी, राशि जैन, आभा गोस्वामी, गुंजन सडाना और बसंती मेहरा सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।