CWN Desk

खटीमा में 100 किलोग्राम सोना होने का लालच देकर थारू जनजाति के व्यक्ति से धोखाधड़ी। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, 1 फरार और तांत्रिक की मौत।

ऊधम सिंह नगर। जिले के खटीमा में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तांत्रिक क्रियाओं और जमीन के नीचे 100 किलोग्राम सोना दबा होने का झांसा देकर थारू जनजाति के एक व्यक्ति की कीमती जमीन हड़प ली गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित के बेटे रणदीप सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उनके पिता उमेश कुमार को जमीन में दबा खजाना निकालने का लालच दिया था। पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर उनसे मोटी रकम ऐंठी गई और कई कागजातों पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए गए। आरोप है कि पीड़ित को बंधक बनाकर और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जबरन जमीन का एग्रीमेंट कराया गया।
आरोपियों ने दबाव बनाकर 86 लाख रुपये नकद भुगतान का झूठा उल्लेख करते हुए हाईवे किनारे की कीमती जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच शुरू की और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह भाटिया, विवेक कुमार, नंद किशोर और शिव सिंह राणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल एक आरोपी कश्मीर सिंह फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, साजिश में शामिल तांत्रिक मुकेश कुमार की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित द्वारा हाल ही में बेची गई जमीन की धनराशि और बची हुई संपत्ति को हड़पने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी। पुलिस अधिकारी का कहना है कि रजिस्ट्री में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।