CWN Desk

पिथौरागढ़ के मझगांव में घास काटने गई 54 वर्षीय महिला की 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। SSB जवानों ने शव को सुरक्षित बाहर निकाला।

पिथौरागढ़। जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पंतशेरा ग्राम पंचायत के मझगांव में घास काटने गई 54 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, मझगांव निवासी राधा देवी (54) पत्नी स्व. जगत सिंह सुबह करीब 8 बजे घास काटने के लिए मल्ली ओरड़ क्षेत्र गई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने और पैर फिसलने से वह करीब 300 मीटर नीचे पत्थरों पर जा गिरीं। पत्थरों से टकराने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दोपहर बाद मिली। इसके तुरंत बाद धर्म सिंह नामक ग्रामीण ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 55वीं वाहिनी को सूचित किया। सूचना मिलते ही सीमा चौकी सुनखोली के उप निरीक्षक अजय कुमार ने तत्काल जवानों की एक टीम को स्ट्रेचर के साथ मौके के लिए रवाना किया।
पहाड़ी क्षेत्र का रास्ता बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद SSB के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर साहसिक प्रयास किया और शव को 300 मीटर गहरी खाई से बाहर निकाला। इसके बाद जवानों ने अत्यंत सावधानी के साथ शव को सुरक्षित उनके घर तक पहुँचाया।
स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने इस संकट की घड़ी में SSB जवानों की तत्परता और सहयोग की जमकर सराहना की है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीणों की हर संभव मदद करना बल की पहली प्राथमिकता रहती है।