अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
पिथौरागढ़ में गुलदार का आतंक: 10 साल के मासूम को आंगन से उठाया, झाड़ियों में मिला शव
पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में शनिवार शाम दिल दहलाने वाला हादसा। घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय रियांशु को झपटकर ले गया गुलदार, अस्कोट में भी एक पर हमला।
पिथौरागढ़। जिले में एक बार फिर गुलदार का आतंक देखने को मिला है। गंगोलीहाट क्षेत्र के भंडारी गांव में शनिवार देर शाम अपने घर के आंगन में खेल रहे 10 साल के एक मासूम बच्चे को घात लगाए बैठा गुलदार उठा ले गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोलीहाट बाजार से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित भंडारी गांव निवासी भगवान राम का 10 वर्षीय पुत्र रियांशु शाम को घर के बाहर खेल रहा था। रियांशु स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में चौथी कक्षा का छात्र था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों में छिपे गुलदार ने मासूम पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल की तरफ ले गया।
घटना को देखकर परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत गुलदार के पीछे भागे। करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटना के बाद से गांव में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
वहीं दूसरी ओर, पिथौरागढ़ के ही अस्कोट क्षेत्र के जोग्यूड़ा गांव में शाम चार बजे गुलदार ने ललित पाल नाम के व्यक्ति पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी और वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ घंटे के भीतर गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
