Connect with us

देहरादून

सेलाकुई में डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, सामान डिलीवरी की आड़ में बेचता था स्मैक

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के सेलाकुई में पुलिस ने डिलीवरी बॉय को 22.81 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा। डिलीवरी की आड़ में युवाओं को बेचता था नशा। पढ़ें पूरी खबर।

देहरादून। जनपद के सेलाकुई थाना क्षेत्र में पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सामान डिलीवरी करने की आड़ में मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
सेलाकुई थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अचानक की जा रही चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास बने पार्क से आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22.81 ग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 30 वर्षीय कमल चौधरी उर्फ बॉबी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरिद्वार का निवासी है और वर्तमान में सेलाकुई में किराए पर रहता है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक कूरियर कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह स्थानीय नशा तस्करों से स्मैक खरीदता था और पार्सल डिलीवरी की आड़ में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर इसकी सप्लाई करता था। इससे किसी को उस पर शक भी नहीं होता था।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अन्य बड़े नशा तस्करों के नाम भी पता चले हैं, जिनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Select Language

Advertisement