उत्तराखंड पुलिस
देहरादून में अवैध सिम बॉक्स कॉल सेंटर का भंडाफोड़, STF ने 2 को किया गिरफ्तार
देहरादून में STF और पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया। सिम बॉक्स बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार। पढ़ें रिपोर्ट।
देहरादून। एसटीएफ (STF) की साइबर क्राइम टीम और स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहे कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। दूरसंचार विभाग (DoT) से मिले इनपुट के आधार पर जीएमएस रोड स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कंपनी के मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मौके से एक 32 स्लॉट वाला DINSTAR सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, राउटर और दो एटीएम कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद लैपटॉप से देश के विभिन्न प्रमुख बैंकों के ग्राहकों का संवेदनशील डेटा भी बरामद हुआ है।
जांच में सामने आया कि इस सेंटर में लगभग 39 युवक-युवतियों से कॉलिंग कराई जा रही थी। आरोपी क्रेडिट कार्ड और वित्तीय सेवाओं के नाम पर लोगों को कॉल करते थे और उन पर दबाव बनाकर या धमकाकर गोपनीयता से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लेते थे। TRAI के नियमों का उल्लंघन कर 1600 सीरीज के बजाय व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से ग्राहकों को कॉलिंग की जा रही थी।
एसटीएफ पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग डिटेल्स या OTP साझा न करें और धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
