उत्तराखंड पुलिस
उत्तराखंड में पहली बार पकड़ा गया अवैध सिम बॉक्स, बांग्लादेशी साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़
STF ने बाजपुर में अवैध सिम बॉक्स टेलीकॉम गेटवे का किया पर्दाफाश। वीओआईपी कॉल्स को भारतीय नंबरों में बदलकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी को 114 सिम के साथ दबोचा।
देहरादून। उत्तराखंड में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉट स्पॉट’ के तहत एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की साइबर कुमाऊँ यूनिट ने ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में चल रहे राज्य के पहले अवैध सिम बॉक्स टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से मुरादाबाद निवासी 24 वर्षीय आरोपी कादिर को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ की टीम ने दूरसंचार विभाग (DoT) के साथ मिलकर बाजपुर के मुडिया, ईदगाह के पास स्थित एक घर में छापेमारी की। मौके से 2 सिम बॉक्स, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 7 महीनों से यह अवैध गेटवे चला रहा था और इसके तार बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से जुड़े हुए थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सिम बॉक्स तकनीक के जरिए विदेशी और इंटरनेट (VoIP) कॉल्स को भारतीय लोकल मोबाइल नंबरों में बदल देता था। इससे कॉलर की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिप जाती थी। इस अवैध नेटवर्क का इस्तेमाल फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को डराने, डिजिटल अरेस्ट और विभिन्न साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी कादिर वर्ष 2023 में भी मुरादाबाद से इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। एसटीएफ अब फर्जी दस्तावेजों पर सिम कार्ड जारी करने वाले एजेंटों, आरोपी के बैंक खातों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मददगारों की गहनता से जांच कर रही है।
