उत्तराखंड में मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने हल्द्वानी, अल्मोड़ा और नेपाल में छापेमारी तेज कर दी है। जानें पूरी खबर।
देहरादून। उत्तराखंड की चर्चित कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है और उत्तराखंड से लेकर नेपाल तक छापेमारी की जा रही है। मंत्री पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद से ही साहू फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीमों ने हल्द्वानी स्थित उनके आवास के अलावा अल्मोड़ा और मुक्तेश्वर में भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की है। उनके नेपाल भागने की आशंका के चलते एक विशेष पुलिस टीम को नेपाल भी भेजा गया है। इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, जो तेजी से साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।
गिरधारी लाल साहू पर एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act), घरेलू हिंसा, जान से मारने की धमकी देने और साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कानूनी मोर्चे पर भी फिलहाल उन्हें राहत नहीं मिल पाई है। लोअर कोर्ट से राहत न मिलने के बाद चर्चा है कि 26 अक्टूबर को हाईकोर्ट खुलने के बाद वह अंतरिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय का रुख कर सकते हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। एसआईटी और पुलिस महकमा लगातार आरोपियों और संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।