Report by : CWN Desk
Published at :

11 नवंबर को भाई दूज पर कैंची धाम और भीमताल में भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। भारी वाहनों पर रोक और शटल सेवा लागू।

हल्द्वानी। भाई दूज के पावन अवसर पर 11 नवंबर को कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुगम यातायात के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के रास्तों में बदलाव किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 11 नवंबर को तड़के 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें जिले की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, अन्य चौपहिया वाहनों और यात्री बसों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा। अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
कैंची धाम आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा का इंतजाम किया गया है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कर शटल सेवा से मंदिर पहुंचेंगे। वहीं, नैनीताल और ज्योलीकोट मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम में पार्किंग बनाई गई है। कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने आम जनता और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग स्थल और शटल व्यवस्था का सहयोग करने से जाम की स्थिति नहीं बनेगी और सभी की यात्रा सुरक्षित रहेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›