मंत्री रेखा आर्या उत्पीड़न मामले में एसआईटी अब आरोपी गिरधारी साहू का वॉयस सैंपल लेगी। वायरल ऑडियो की सत्यता जांचने के लिए एफएसएल भेजा जाएगा।
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से दर्ज कराए गए उत्पीड़न और धोखाधड़ी के मामले में विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एसआईटी अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है। पुलिस जल्द ही अदालत में आवेदन देकर मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू का वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगेगी, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
मामले में सामने आई एक संदिग्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजा जाएगा। इस लैब जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि रिकॉर्डिंग के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या एडिटिंग तो नहीं की गई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में इस ऑडियो का विशेष रूप से हवाला दिया था। आरोप है कि गिरधारी साहू ऑडियो में एक महिला से बात करते हुए मंत्री को जान से मारने की साजिश रच रहा है।
एसआईटी ने इस विवादित ऑडियो क्लिप को पहले ही अपने कब्जे में ले लिया था। अब आरोपी गिरधारी साहू के वॉयस सैंपल का मिलान ऑडियो में मौजूद आवाज से कराया जाएगा। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज आरोपी की ही है या नहीं। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए मामले में मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की योजना बना रही है।
आपको बता दें कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छह नवंबर को आरोपी गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया था। वहीं, मामले में संलिप्त उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को बरेली से हिरासत में लिया गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ और फॉरेंसिक जांच के जरिए साजिश की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।