मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में भव्य आयोजन। 10 बीघे में पंडाल, 150 व्यंजन और दामाद को 2.5 करोड़ की लैंड रोवर गिफ्ट।
नई दिल्ली। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को तय हुई है। यह शाही विवाह समारोह अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा (नदवां) में बेहद धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। शिवांगी की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से हो रही है। अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए कर चुके ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट पद पर कार्यरत हैं।
इस शादी को यादगार बनाने के लिए अनंत सिंह पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं। शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर एक भव्य और विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले अतिथियों और खास मेहमानों के लिए लगभग 150 तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव समेत देश की कई प्रमुख राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों को न्योता भेजा गया है।
शादी के साथ-साथ अनंत सिंह अपने भावी दामाद को बेहद कीमती और लग्जरी उपहार भी दे रहे हैं। अमेरिका में रह रहे ऋषिकेश कुमार को करीब 2.50 करोड़ रुपये मूल्य की शानदार लैंड रोवर डिफेंडर कार गिफ्ट की जा रही है। इस तोहफे ने देश में हुई सबसे महंगी शादियों की याद ताजा कर दी है। अमरोहा के बीजेपी सांसद कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित तंवर को भी उनकी शादी में 33 करोड़ रुपये का हेलीकॉप्टर उपहार स्वरूप मिला था।
इसी शादी समारोह के दौरान अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी संपन्न होना है। इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर अनंत सिंह अपने बेटे अभिनव को बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट करने वाले हैं। एक ही मंडप में शादी और जनेऊ संस्कार का यह आयोजन पूरे बिहार में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों के बीच इस अनोखे और बेहद खर्चीले आयोजन को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है।