Report by : कालू वर्मा
Published at :
Screenshot 20261013 002004 Dainik Bhaskar

हरिद्वार। शिवालिक नगर क्षेत्र में सोमवार को एक अजीबोगरीब और हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां अपनी पत्नी के प्रेमी के साथ चले जाने से आहत एक पति गुस्से में आकर सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। युवक की जिद है कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए, तभी वह टावर से नीचे उतरेगा। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और टावर के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ा यह युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान और नाराज है। अपनी इसी नाराजगी के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया और टावर के शीर्ष पर पहुंचकर हंगामा करने लगा। उसकी मांग है कि जब तक उसकी पत्नी को उसके सामने नहीं लाया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगा।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर शुरू किया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें उसे लगातार समझाने का प्रयास कर रही हैं ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस युवक से लगातार संवाद बनाए हुए है। उसकी काउंसलिंग की जा रही है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस उसके परिजनों से भी संपर्क साधने में जुटी है ताकि पारिवारिक स्तर पर मामले का समाधान निकाला जा सके और युवक की जिद को शांत किया जा सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›