सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ में मेनका गांधी से जुड़े कई खुलासे किए हैं। जानिए गांधी परिवार की बहुओं के बीच कैसे बिगड़े रिश्ते।
नई दिल्ली। सोनिया गांधी की बहु-प्रतीक्षित किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ हाल ही में रिलीज हुई है। इस किताब में उन्होंने गांधी परिवार से जुड़ी कई अनकही यादों और पारिवारिक रहस्यों से पर्दा उठाया है। सोनिया ने अपनी किताब में छोटी बहू मेनका गांधी के परिवार में आने और फिर उनके बीच धीरे-धीरे पैदा हुई दूरियों का बहुत ही विस्तार से जिक्र किया है।
शुरुआती दिनों में मेनका का गांधी परिवार में गर्मजोशी से स्वागत हुआ था। मात्र 18 साल की उम्र में चुलबुली और जिंदादिल मेनका जब घर की छोटी बहू बनकर आईं, तो सोनिया गांधी के लिए यह एक अच्छा अनुभव था। प्रियंका गांधी भी अपनी चाची मेनका के साथ काफी समय बिताती थीं और उनकी कहानियों में खो जाती थीं। लेकिन समय के साथ घर का माहौल बदलने लगा और छोटी-छोटी बातों पर तनाव बढ़ने लगा।
रिश्तों में खटास आने की मुख्य वजह पारिवारिक संबोधन और राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं थीं। स्टाफ द्वारा सोनिया को ‘बहुरानी’ और मेनका को ‘छोटी बहू’ कहे जाने को मेनका ने खुद को नीचा दिखाने के तौर पर लिया। इसके अलावा, संजय गांधी और मेनका की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता ने परिवार में कलह बढ़ा दी। 1977 में कांग्रेस की हार के बाद संजय और राजीव गांधी के बीच भी दूरियां आने लगीं, जिससे पारिवारिक तनाव और अधिक गहरा गया।
जून 1980 में संजय गांधी की एक विमान हादसे में अचानक मौत हो गई, जिसके बाद हालात पूरी तरह बदल गए। मार्च 1981 में मेनका द्वारा घर छोड़ने और इंदिरा गांधी के साथ हुए विवाद ने इस पारिवारिक ड्रामे को सार्वजनिक कर दिया। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में स्पष्ट किया है कि कैसे गलतफहमियों और महत्वाकांक्षाओं ने एक हस्ते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए तोड़ दिया।