Report by : CWN Desk
Published at :
IMG 20261013 WA0000

उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। 315 नई सड़कों को मंजूरी।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाना था। वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत प्रस्तुत विभिन्न सड़क एवं सेतु निर्माण प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लिया गया।
बैठक में पीएमजीएसवाई-4 के तहत उत्तराखंड के 315 नए मोटर मार्गों के निर्माण पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इन प्रस्तावित सड़कों की कुल लंबाई 1,777 किलोमीटर है, जिसके निर्माण पर लगभग 2,526 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 182 करोड़ रुपये की लागत से 32 नए पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। इस तरह कुल 2,708 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी की दिशा में आगे बढ़ाया गया है।
इन ढांचागत परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश की 610 से अधिक बसावटों को सीधा सड़क संपर्क मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और दैनिक आवागमन की सुविधाएं बेहद सुगम हो जाएंगी। इसके अतिरिक्त स्थानीय किसानों को अपनी फसल और उत्पाद नजदीकी मंडियों तक पहुँचाने में मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष 1,360 किलोमीटर लंबी 213 अन्य अतिरिक्त सड़कों के प्रस्ताव भी रखे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन सड़क प्रस्तावों पर भी शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का पूर्ण भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›