Report by : Paras Bisht
Published at :
लालकुआं में 65 लाख रुपये की स्मैक बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल पुलिस और SOG ने लालकुआं में चेकिंग के दौरान 65.40 लाख रुपये की स्मैक के साथ 2 तस्करों को किया गिरफ्तार। ऑल्टो कार भी जब्त। पूरी खबर पढ़ें।

लालकुआं। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई जा रही है।
सुभाष नगर बैरियर के पास 6 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ऑल्टो कार (UP24-H-4787) को रोका। कार की गहन तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा निवासी ऊधमसिंह नगर और मोहम्मद शफीक उर्फ शफी निवासी बरेली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नदीम पेशे से ट्रक ड्राइवर है, जबकि शफीक बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाए थे।
लालकुआं कोतवाली में दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नशे के पूरे नेटवर्क को खंगालने और इनसे जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›