हल्द्वानी
दुग्ध उत्पादकों को 30 करोड़ की सौगात, मुकेश बोरा ने जताया सीएम का आभार
उत्तराखंड सरकार ने दुग्ध उत्पादकों के लिए 30 करोड़ रुपये मंजूर किए। लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सीएम धामी और सौरभ बहुगुणा का आभार जताया।
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के हित में राज्य सरकार द्वारा ली गई बड़ी पहल का स्वागत किया है। दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा दुग्ध उत्पादकों के लिए 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर उन्होंने खुशी जताई। सरकार के इस जनहितकारी निर्णय से प्रदेश के लगभग 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में से लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादकों को बड़ा फायदा पहुंचेगा। कुल बजट में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान और 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए रखे गए हैं। इसमें से लालकुआं दुग्ध संघ को कुल मिलाकर लगभग साढ़े 17 करोड़ रुपये की सहायता राशि मिलने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, वहीं चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों के अतिरिक्त खर्च में भारी राहत मिलेगी। प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में दुग्ध उत्पादकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार के इस फैसले से न केवल दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राज्य के पशुपालकों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुकेश बोरा ने लालकुआं नैनीताल दुग्ध संघ और सभी पशुपालकों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस प्रोत्साहन कदम से ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को आर्थिक संबल मिलेगा और प्रदेश में डेयरी व्यवसाय को एक नई ऊर्जा और गति प्राप्त होगी।




