उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटके, चमोली रहा केंद्र; खौफ में घरों से बाहर निकले लोग
उत्तराखंड में मंगलवार देर रात 4.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। चमोली में जमीन से 13 किमी नीचे था केंद्र, रात भर खौफ में रहे लोग। जानें पूरी अपडेट।
हल्द्वानी। उत्तराखंड में मंगलवार रात गढ़वाल से कुमाऊं तक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रात करीब 10:23 बजे अचानक धरती हिलने से राज्यभर में हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र चमोली जिले में जमीन के भीतर लगभग 13 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
झटके इतने तेज थे कि हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पिथौरागढ़ और दिल्ली-एनसीआर तक के इलाकों में हलचल महसूस हुई। पहाड़ी इलाकों में कई लोग सो चुके थे, लेकिन कंपन महसूस होते ही नींद से जाग उठे। नैनीताल के तल्लीताल और सूखाताल जैसे क्षेत्रों में घबराए लोग तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। हल्द्वानी में भी लोग देर रात तक खुले मैदानों में खड़े रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना के बाद तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। चमोली में भूकंप का केंद्र कम गहराई पर होने के कारण झटके काफी तेज थे।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र संवेदनशील फॉल्ट लाइन पर स्थित होने के कारण यहां अक्सर हल्की हलचल होती रहती है। आपदा प्रबंधन विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में आपातकालीन दलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आम जनता से भी किसी भी तरह की अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है।




