Report by : CWN Desk
Published at :
Uttarakhand STF Action: डिजिटल अरेस्ट कर ₹1.20 करोड़ ठगने वाला अभियुक्त बंगाल से गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ ने बुजुर्ग महिला को 12 दिन डिजिटल अरेस्ट कर ₹1.20 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले अभियुक्त को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया।

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) के साइबर थाना कुमाऊँ परिक्षेत्र को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ टीम ने 1 करोड़ 20 लाख 18 हजार रुपये की डिजिटल अरेस्ट साइबर धोखाधड़ी के मुख्य अभियुक्त को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शान्तनु दास के रूप में हुई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के गहन विश्लेषण के बाद यह कार्रवाई की।
यह सनसनीखेज मामला अल्मोड़ा की एक वरिष्ठ नागरिक महिला से जुड़ा है। पीड़िता को दिसंबर 2025 में अज्ञात व्यक्तियों ने फोन किया था। ठगों ने खुद को टेलीकॉम रेगुलेटरी विभाग का अधिकारी बताया। उन्होंने महिला के केनरा बैंक खाते और आधार कार्ड से मनी लॉन्ड्रिंग की झूठी बात कही। साइबर अपराधियों ने महिला पर 5,000 एफआईआर दर्ज होने का खौफ दिखाया।
ठगों ने कानूनी कार्रवाई और बैंक वेरिफिकेशन का डर दिखाकर पीड़िता को 12 दिनों तक व्हाट्सऐप पर डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान महिला को किसी से संपर्क न करने की सख्त हिदायत दी गई। डर के साए में पीड़िता ने अलग-अलग खातों में कुल ₹1,20,18,000 ट्रांसफर कर दिए। जनवरी 2026 में शिकायत दर्ज होने के बाद एसटीएफ ने जांच शुरू की।
एसटीएफ की जांच में मालदा निवासी शान्तनु दास का बैंक खाता सामने आया। आरोपी के खाते में ठगी की पूरी रकम आई थी, जिसे उसने तुरंत अन्य खातों में भेज दिया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे मालदा से दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने जनता से फर्जी इन्वेस्टमेंट ऑफ़र और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›