Report by : CWN Desk
Published at :
orig 1 1669678445

लालकुआं के मोटाहल्दू बाइपास पर बाइक पोल से टकराने से अल्मोड़ा निवासी 22 वर्षीय महेंद्र की मौत हो गई। चार महीने पहले ही काम की तलाश में आया था हल्द्वानी

हल्द्वानी। उत्तराखंड के लालकुआं अंतर्गत मोटाहल्दू बाइपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर के बाहर लगे बिजली के पोल से टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी 22 वर्षीय महेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था और चार महीने पहले ही अल्मोड़ा से काम की तलाश में आया था। घटना के वक्त वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था।
सूचना मिलने पर टीपी नगर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महेंद्र को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि दोनों भाइयों की शादी तय हो चुकी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›