Report by : CWN Desk
Published at :
IMG f6f51599 100e 4bda 9014 d5c6cb00b726

कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोकने के विवाद पर सुलह हो गई है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, सीएम धामी ने दोनों भाइयों को बुलाया उत्तराखंड।

देहरादून। टिहरी जिले के प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने को लेकर उपजा विवाद अब पूरी तरह शांत हो गया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांग ली है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक भाइयों दलेर मेहंदी और मीका सिंह को उत्तराखंड आने का आधिकारिक निमंत्रण दिया है।
विवाद की शुरुआत कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति के दौरान हुई थी, जब मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप करते हुए गायक पर नशे की हालत में गाने और लिप-सिंक करने का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद मामला काफी तूल पकड़ गया था और गायक मीका सिंह ने अपने बड़े भाई के समर्थन में खुलकर नाराजगी जताई थी, जिससे सियासी और सांस्कृतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई थी।
मामले को बढ़ता देख सरकार ने सुलह की पहल की। मीका सिंह की टीम के अनुसार, मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा माफी मांगे जाने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सकारात्मक हस्तक्षेप के बाद प्रकरण का पटाक्षेप कर दिया गया है। मीका सिंह ने मुख्यमंत्री के बात करने के तरीके की सराहना करते हुए कहा कि वे जल्द ही उत्तराखंड में नए कार्यक्रमों के साथ वापसी करेंगे।
कलाकारों की टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए स्पष्ट किया है कि वे इस विवाद को और आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं। इस सुलह से दोनों पक्षों के बीच की कड़वाहट दूर हो गई है, और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में कलाकारों के सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›