Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में महिला ने सार्वजनिक रास्ते पर बना दिया था गेट, नगर निगम ने तोड़ा

देहरादून। रायपुर वार्ड में एक महिला की ओर से नगर निगम की सड़क पर गेट बनाकर किए गए कब्जे को आखिरकार तोड़ दिया गया है। काफी समय से क्षेत्रवासियों की ओर से शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं जा रही थी। जिस पर क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से शिकायत की।
जिलाधिकारी के आदेश पर नगर निगम की टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया है। इस दौरान कुछ राजनीतिक पृष्ठभूमि के व्यक्तियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
रायपुर वार्ड नंबर-3 में साईग्रेस एकेडमी के पास एक महिला ने अपनी भूमि से बाहर सार्वजनिक रास्ते पर करीब 10 फीट तक कब्जा कर गेट बना दिया थ। क्षेत्रवासियों ने पहले नगर निगम से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद जिलाधिकारी को शिकायत दी गई।
क्षेत्रवासियों का आरोप था कि महिला की ओर से नगर निगम की करीब ढाई सौ गज जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। मामले में संबंधित पटवारी व क्षेत्रीय कर निरीक्षक की ओर से पूर्व में मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट नगर निगम में बीते 30 सितंबर को प्रस्तुत की जा चुकी थी। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि सड़क पर गेट लगाकर अवैध कब्जा किया गया है।
नगर निगम की ओर से खानापूर्ति के लिए आरोपित महिला को नोटिस तो भेजा गया, लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जिलाधिकारी सोनिका ने मामले में नगर निगम को कार्रवाई के आदेश दिए। जिस पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण ध्वस्त करने पहुंची। विरोध की आशंका के चलते पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात की गई। क्षेत्र के एक नेता ने निगम की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन विरोध करने वालों को पुलिस ने खदेड़ दिया और निगम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›