देहरादून

राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम पर देहरादून में भारी हंगामा, आधी रात पुलिस से झड़प

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने पर देहरादून में आधी रात को भारी हंगामा हुआ। जानिए पूरा घटनाक्रम।

देहरादून। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भारी राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। प्रशासन और कांग्रेस के बीच शुरू हुआ गतिरोध आधी रात को परेड ग्राउंड की सड़कों पर तीखे हंगामे में बदल गया। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति निरस्त किए जाने से नाराज सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता देर रात ही सड़कों पर उतर आए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी नोकझोंक और गंभीर झड़प देखने को मिली।
विवाद की शुरुआत मंगलवार सुबह तब हुई जब नगर निगम की टीम ने परेड ग्राउंड में टेंट लगाने पहुंच रहे ट्रकों को अंदर जाने से रोक दिया। प्रशासन का तर्क था कि बिना पुलिस और जिला प्रशासन की अनापत्ति (NOC) के यह अनुमति प्रभावी नहीं मानी जाएगी। शाम होते-होते सिटी मजिस्ट्रेट ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का हवाला देते हुए परेड ग्राउंड में कार्यक्रम कराने से साफ इनकार कर दिया। प्रशासन ने इसके पीछे वहां चल रहे ‘लोक संवर्धन पर्व’ और वीवीआईपी मूवमेंट के दबाव को मुख्य वजह बताया।
इस फैसले से आक्रोशित कांग्रेस नेताओं ने रात 11 बजे पार्टी मुख्यालय से परेड ग्राउंड की तरफ कूच कर दिया। भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेसियों को रोकने की कोशिश की, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्होंने निर्धारित शुल्क जमा कर पहले ही अनुमति ले ली थी और भाजपा सरकार जानबूझकर इसमें अड़ंगा लगा रही है। करीब एक घंटे तक चले इस भारी ड्रामे के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया।
अब यह बहुचर्चित कार्यक्रम परेड ग्राउंड के बजाय रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल (बन्नू ग्राउंड) में आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने देर रात ही नए स्थल पर तैयारियां शुरू करवा दी हैं। कांग्रेस इस कार्यक्रम के माध्यम से पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा और संविधान के मुद्दों पर युवाओं को एकजुट करने की कोशिश में है। अब देखना यह होगा कि इस बड़े सियासी टकराव के बाद राहुल गांधी का यह युवाओं से जुड़ा संवाद कार्यक्रम कितना सफल रहता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top