प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 4 बड़ी घोषणाएं कीं। अब घरों में आग लगने पर SDRF से राहत राशि मिलेगी और मददगार सम्मानित होंगे।
देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने राज्य के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुसार आर्थिक राहत राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार भूतपूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण देगी। ये प्रशिक्षित कर्मी आम जनता को आपदाओं के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अलावा बड़े स्कूलों और कॉलेजों में हर एक हजार छात्रों पर एक शिक्षक को ‘आपदा मित्र’ बनाया जाएगा। आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से मदद करने वाले नागरिकों को सरकार सम्मानित भी करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026–27 का विमोचन किया। उन्होंने नवंबर 2023 के ऐतिहासिक सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 दिनों तक चले उस कठिन अभियान में केंद्र और राज्य की एजेंसियों ने बेहतरीन समन्वय दिखाया, जिससे सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला जा सका। उन्होंने भूकंप के खतरे को देखते हुए राज्य में नियमित मॉक ड्रिल कराने पर भी जोर दिया।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और आधुनिक तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है। वहीं, आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य में 2250 सदस्यों वाली 133 क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) तैनात हैं। साथ ही भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन लगाए गए हैं। इन ठोस कदमों से उत्तराखंड आपदाओं से निपटने के लिए पहले से अधिक सुरक्षित और सक्षम बनेगा।



