अंकिता भंडारी मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को टेस्ट के मेडिकल में अनफिट पाए गए। उर्मिला सनावर ने इसे साजिश बताया और राठौर ने पलटवार किया
हरिद्वार। अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नार्को टेस्ट पर ब्रेक लग गया है। नार्को जांच से पहले होने वाले मेडिकल टेस्ट में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं। इस रिपोर्ट के बाद अब उनका नार्को टेस्ट नहीं हो सकेगा। इस खबर ने उत्तराखंड की राजनीति में नया बवाल खड़ा कर दिया है।
नार्को टेस्ट से पहले डॉक्टर संबंधित व्यक्ति को एनेस्थीसिया देते हैं। इसके लिए शरीर की फिटनेस जांचना जरूरी होता है, ताकि दवा की सही मात्रा तय की जा सके। चार दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पहुंचे सुरेश राठौर की मेडिकल जांच हुई। रिपोर्ट में अनफिट आने के बाद लैब से उन्हें वापस भेज दिया गया।
इस मामले में उर्मिला सनावर ने मोर्चा खोलते हुए मेडिकल रिपोर्ट को बड़ी साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेश राठौर ने जांच से बचने के लिए शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का बहाना बनाया है। दूसरी ओर, गुजरात से लौट रहे राठौर ने पलटवार करते हुए कहा कि वह हरिद्वार पहुंचकर उर्मिला का पूरा काला चिट्ठा खोलेंगे।
राठौर ने उर्मिला के निजी जीवन और कई शहरों में उनके संपर्कों पर सवाल उठाने का दावा किया है। इस जुबानी जंग के बाद हरिद्वार से लेकर देहरादून तक सियासी हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें सुरेश राठौर के हरिद्वार लौटने और उनके अगले खुलासे पर टिकी हैं।



