अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। ASI महानिदेशक को पत्र भेजकर दी आंदोलन की चेतावनी
जागेश्वर। अल्मोड़ा के विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम से जुड़ी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस कदम के खिलाफ जोरदार विरोध शुरू कर दिया है। आरोप है कि पुरातत्व विभाग की टीम बिना किसी पूर्व सूचना या सहमति के मूर्तियों को ले जाने पहुंची। इस खबर के फैलते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुजारी, व्यापार मंडल और क्षेत्रीय नागरिक एकजुट हो गए। सभी ने मौके पर पहुंचकर विभाग की कार्रवाई का कड़ा विरोध दर्ज कराया। लोगों ने 28 नवंबर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को पत्र भेजकर मूर्तियों को यहां से न हटाने की मांग की। उनका कहना है कि ये मूर्तियां जागेश्वर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं।
स्थानीय नागरिकों और पुजारियों ने विभाग से लिखित आश्वासन मांगा है कि किसी भी मूर्ति को जागेश्वर से बाहर नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि इन धरोहरों से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। यदि विभाग ने लिखित भरोसा नहीं दिया, तो लोग संग्रहालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू करेंगे।
फिलहाल स्थानीय लोगों की एकजुटता के कारण मामला गरमाया हुआ है। सभी की नजरें अब पुरातत्व विभाग के अगले कदम और प्रशासन के रुख पर टिकी हैं। जागेश्वर की इस ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए क्षेत्रीय समाज पूरी तरह लामबंद नजर आ रहा है।



