मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर की समीक्षा की। जानिए दिसंबर 2026 तक कौन से बड़े प्रोजेक्ट पूरे होंगे और कितने रोजगार मिलेंगे
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार दे दी है। उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी गतिमान योजनाओं में तेजी लाने और एक माह के भीतर नए कार्य धरातल पर शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।
तीनों प्रमुख कॉरिडोर के तहत राज्य में कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें से लगभग 1,109 करोड़ रुपये के विकास कार्य वर्तमान में तेजी से चल रहे हैं। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर में प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत और हरकी पैड़ी उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हरकी पैड़ी, सुभाष घाट और चंडी देवी पहुंच मार्ग का आधा काम भी निपट गया है। सरकार ने इन प्रमुख कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
ऋषिकेश और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में भी विकास कार्य जोर-शोर से जारी हैं। ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट के विकास और आस्था पथ के सौंदर्यीकरण पर तेजी से काम हो रहा है। यहां जानकी झूला के पास बन रहे कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। दूसरी ओर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण कार्य भी अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक में स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक पहचान को सहेजने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र की अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विशेषता होती है। इसलिए विकास कार्यों में स्थानीय पहचान का समावेश होना बेहद जरूरी है। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र बनाने पर भी चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और वरिष्ठ अधिकारियों ने इन योजनाओं को समय पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इन विशाल परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तराखंड के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई मिलेगी। सरकारी अनुमान के मुताबिक, इन तीनों कॉरिडोर से 21 से 27 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा 45 से 53 हजार लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। समय पर काम पूरा होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।



