हल्द्वानी

कालाढूंगी को सीएम धामी की 6 बड़ी सौगातें, कॉर्बेट में 70 महिला जिप्सियां होंगी पंजीकृत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी नारी शक्ति सम्मान समारोह में मिनी स्टेडियम, अस्पताल उच्चीकरण और कॉर्बेट में 70 महिला जिप्सियों समेत 6 बड़ी घोषणाएं कीं।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम के निर्माण, स्थानीय अस्पताल के उच्चीकरण और 200 विद्युत पोलों की स्थापना का ऐलान किया। इसके साथ ही क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों के नवनिर्माण व चौड़ीकरण के कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला रोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने घोषणा की कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में आगामी पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इसके अलावा ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में नई सड़क बनाने और गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने खेल, शिक्षा, कृषि और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें अंतरराष्ट्रीय तैराक मोनी रावत व भार्गवी रावत, एशियाई मास्टर तैराक संतोषी गुरुरानी और राष्ट्रीय एथलीट चंपा नैनवाल समेत कई प्रतिभावान महिलाएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति के सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है, इसलिए सरकार महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं से आत्मनिर्भर बना रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 दिसंबर को प्रदेश की 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी। उन्होंने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि इससे 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। अंत में उन्होंने महिला सुरक्षा और समान नागरिक संहिता को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य में विकास और न्याय की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Get In Touch

समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करें –

संपादक: गुलाब सिंह
कार्यालय: बरेली रोड, हल्द्वानी (नैनीताल), उत्तराखंड
फोन: +91 97580 00035
ईमेल: [email protected]

To Top