Connect with us

उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा व प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सीएम धामी सतर्क, दिए पुख्ता इंतजामों के निर्देश

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने चारधाम यात्रा, अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठानों, बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन, प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने को कहा है।

मुख्यमंत्री आवास कैंट रोड में यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में शामिल होने के बाद हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों तीर्थयात्रियों की आवाजाही हो रही है, ऐसे में यात्रा मार्गों और चारों धामों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और निर्देश दिए कि सीमांत इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। राज्य में कई राष्ट्रीय महत्व के संस्थान, ऊर्जा संयंत्र और बांध स्थित हैं, जिन्हें किसी भी खतरे से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें 👉  योग, ध्यान, साधना में ऋषिकेश का विशिष्ट स्थान, पूरी दुनिया तक जाए योग महोत्सव की गूंज: राज्यपाल

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा करने और आवश्यकतानुसार सुरक्षा बढ़ाने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखते हुए आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा दलों और स्वयंसेवी संस्थाओं को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  कॉर्बेट पार्क घोटाला: ईडी ने 1.75 करोड़ की संपत्तियां की कुर्की, प्रमुख आरोपियों की पत्नियों-बेटों के नाम पर थीं दर्ज

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर किसी भी सरकारी कर्मी को अवकाश की अनुमति न दी जाए। चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराए जाने पर मुख्यमंत्री ने उनका विशेष आभार जताया।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगोली और विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement