Paras Bisht

हल्द्वानी में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की 8 बड़ी घोषणाएं। कैंची धाम में रजिस्ट्रेशन व्यवस्था और व्यापारियों को राहत।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। सम्मेलन के दौरान सीएम धामी ने प्रदेश के व्यापारियों और पर्यटन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन फैसलों से प्रदेशभर के कारोबारियों में राहत की उम्मीद जगी है।
कैंची धाम में उमड़ती श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात को सुचारू रखने के लिए कैंची धाम दर्शन के लिए पंजीकरण की व्यवस्था लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं की संख्या सीमित करके ही व्यवस्था को बेहतर और नियंत्रित बनाया जा सकता है।
यातायात को गति देने के लिए सीएम ने बताया कि कैंची धाम बाईपास सड़क का रुका हुआ निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। वन विभाग और एनजीटी से आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद अब दो किलोमीटर के शेष हिस्से का काम पूरा करके बाईपास चालू किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को जाम से मुक्ति मिलेगी।
व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित कारोबारियों को नियमानुसार राहत देने का भरोसा दिया। इसके अलावा, राज्य और जिला स्तर पर ‘उद्योग मित्र समितियों’ का पुनर्गठन किया जाएगा। जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पर्यटन कारोबार के पंजीकरण हेतु सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का भी आश्वासन दिया गया।
चारधाम यात्रा मार्ग पर नई पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और बाजारों की सड़कों व नालियों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने का ऐलान किया गया।