Connect with us

उधमसिंह नगर

जसपुर में तेंदुए का आतंक: बाइक सवारों पर हमला, दो घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

जसपुर। शुक्रवार की रात खेड़ा लक्ष्मीपुर क्षेत्र में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। देर रात यूपी के ठाकुरद्वारा से लौट रहे तीन ग्रामीणों पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। इसमें दो लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।
घटना के अनुसार मोहम्मद शाहरूख (24), वकील अहमद (45) और मोहम्मद अरशद (17) बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, झाड़ियों से निकले तेंदुए ने बाइक पर धावा बोल दिया। हमले में शाहरूख और वकील अहमद घायल हो गए, वहीं बाइक चला रहे अरशद ने भागकर जान बचाई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तेंदुए को खदेड़ दिया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों के पैरों पर गहरे पंजों के निशान हैं।
वन विभाग की गश्त तेज
पतरामपुर रेंजर महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि विभागीय टीमें इलाके में लगातार गश्त कर रही हैं। यह पहला मौका है जब इस क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई है। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहने और ग्रामीणों को सतर्क करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों में दहशत
गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में तेंदुए के हमले की यह सातवीं घटना है। लगातार बढ़ते हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई करे, ताकि गांवों में फिर से सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

Select Language

Advertisement