उधमसिंह नगर
जसपुर में वोटर लिस्ट पर बवाल: 3 जिंदा मतदाताओं को कागजों में दिखाया ‘मृत’
जसपुर में SIR अभियान के दौरान जिंदा लोगों को मृत दिखाने पर भारी बवाल हुआ है। विधायक आदेश चौहान ने बीएलओ और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए।
ऊधम सिंह नगर। जिले के जसपुर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। बीएलओ की लापरवाही और बिना धरातलीय जांच के दर्ज की जा रही आपत्तियों के कारण कई जीवित मतदाताओं को कागजों में ‘मृत’ घोषित कर दिया गया है। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने जसपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
मामला मोहल्ला चौहानान का है, जहां विधायक आदेश चौहान ने कांग्रेस नगराध्यक्ष मोहम्मद नाजिम के कार्यालय में जनता से मुलाकात की। इस दौरान शादाब अख्तर, नूरहसन और जुबेदा खातून ने विधायक को अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि वे पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं, फिर भी आपत्तियों में उन्हें मृत दिखा दिया गया है। इसके अलावा अफरोजा और जरीना जैसी महिला मतदाताओं को अपने घरों में रहने के बावजूद कागजों में स्थानांतरित दर्ज कर दिया गया है।
इस गंभीर प्रशासनिक गड़बड़ी से परेशान शकील अहमद और मोहम्मद शाहबाज समेत आधा दर्जन मतदाताओं ने जसपुर कोतवाली पहुंचकर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मतदाताओं का कहना है कि बिना किसी गृह सत्यापन के उनके लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला किया जा रहा है।
घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक आदेश चौहान ने इसे एक प्रायोजित साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मात्र तीन दिनों के भीतर 2800 से अधिक मतदाताओं पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ग विशेष को लक्ष्य बनाकर उनके नाम मतदाता सूची से काटने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने स्पष्ट किया कि वे जल्द ही उपजिलाधिकारी (SDM) के सामने यह मुद्दा उठाकर दोषियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज करवाएंगे।
