पौड़ी के पिनानी गांव में एक साल पहले ब्याही नवविवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पति सेना में सेवारत हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
पौड़ी। तहसील के पिनानी गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार पौड़ी राजेंद्र गोस्वामी ने बताया कि पिनानी गांव निवासी यशोदा देवी अपनी बहू साक्षी के साथ रहती थीं। शनिवार सुबह करीब 8 बजे तक जब साक्षी ने दरवाजा नहीं खोला, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर साक्षी का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पौड़ी भेज दिया है। मृतका के पति सुमित नेगी भारतीय सेना में सेवारत हैं और दोनों की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी।
कोतवाली पौड़ी के अनुसार, मृतका का मायका दुधारखाल में है और घटना के बाद मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस और राजस्व पुलिस टीम मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
