नैनीताल की हसीन वादियों में बॉलीवुड फिल्म PN 36 की शूटिंग शुरू हो गई है। जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती थ्रिलर दृश्यों में नजर आएंगी।
देहरादून। उत्तराखंड की खूबसूरत और हसीन वादियों में इन दिनों बॉलीवुड की नई फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग जोरों पर चल रही है। नैनीताल के मनमोहक पर्यटक स्थलों पर फिल्म के रोमांस और थ्रिलर से भरपूर दृश्यों को कैमरे में कैद किया जा रहा है। बारिश और बादलों के बीच फिल्माए गए एक रोमांटिक गाने ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है। इस फिल्म को लेकर हर तरफ चर्चा का माहौल है।
फिल्म की शूटिंग के लिए मुख्य रूप से नैनीताल के प्रसिद्ध स्विस होटल और शहर से बाहर स्थित होटल नमः को चुना गया है। जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती इन दिनों यहीं पर अपने महत्वपूर्ण दृश्यों को शूट कर रही हैं। शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल के बीच अभिनेत्रियां अपनी सेहत का पूरा ख्याल रख रही हैं। जानकारी के अनुसार, जाह्नवी कपूर सुबह के समय मल्लीताल स्थित बुल्स जिम में नियमित रूप से वर्कआउट करती नजर आती हैं।
निर्देशक उमेश बिष्ट के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में जाह्नवी और रिया के अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म रोमांस और सस्पेंस का बेहतरीन मिश्रण पेश करने वाली है, जिसके लिए नैनीताल का प्राकृतिक सौंदर्य एकदम सटीक बैठता है। फिल्म का यह शेड्यूल 22 अक्टूबर तक तय किया गया है।
नैनीताल की झीलें, पहाड़ और सुहाना मौसम हमेशा से फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद रहे हैं। ‘पीएन 36’ की शूटिंग से एक बार फिर इस क्षेत्र की खूबसूरती राष्ट्रीय स्तर पर चमक उठी है। अब फैंस को इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के पहले लुक और सिनेमाघरों में रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।
