Connect with us

नैनीताल

बेतालघाट इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी पर फूटा गुस्सा, छात्राओं ने निकाली रैली

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल के बैतालघाट इंटर कॉलेज में 12 शिक्षकों के पद खाली होने से भड़की छात्राओं और अभिभावकों ने प्रदर्शन किया। खंड शिक्षा कार्यालय में सौंपा ज्ञापन।

नैनीताल। जिले स्थित बैतालघाट इंटर कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्राओं और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सिर पर होने के बावजूद विद्यालय में 12 शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। इससे पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे आक्रोशित होकर छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
गुरुवार को छात्राओं और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से बैतालघाट बाजार में आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुँचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक न होने से उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी अधर में लटकी हुई है।
उल्लेखनीय है कि अभिभावक संघ और विद्यालय प्रबंधन समिति ने 22 सितंबर को भी शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद जिलाधिकारी स्तर से सात विषयों के शिक्षकों की तत्काल तैनाती के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि, किसी भी शिक्षक के कार्यभार ग्रहण न करने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। छात्राओं और अभिभावकों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Select Language

Advertisement