नैनीताल
लालकुआं ब्लैकमेलिंग आत्महत्या केस: आरोपी गिरफ्तार
लालकुआं में विवाहिता को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला मुख्य आरोपी आशिक अली गिरफ्तार। नैनीताल पुलिस ने मोबाइल किया बरामद।
नैनीताल। जिले के लालकुआं थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है। बरेली रोड स्थित मोटाहल्दू की रहने वाली एक विवाहिता को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
घटना 6 अगस्त की है, जब ग्राम गंगापुर कबडाल की रहने वाली विवाहिता ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगा ली थी। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद ने थाना लालकुआं में नामजद तहरीर दी थी। शिकायत के अनुसार, मृतका के पति का हेल्पर आशिक अली महिला को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। इसी मानसिक दबाव के कारण महिला ने आत्मघाती कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशिक अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से ब्लैकमेलिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
तहरीर में दो अन्य सह-आरोपियों, साहिब अली और देवेश गंगवार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि ये दोनों मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस इन दोनों सह-आरोपियों की संलिप्तता की गहन जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
