Report by : CWN Desk
Published at :
FB IMG 1793787299423

बागेश्वर में 17 दिन से लापता वकील धीरेंद्र परिहार का शव खाई से बरामद। पुलिस ने हत्या के आरोप में लता भंडारी और उसके भाई को गिरफ्तार किया है।

बागेश्वर। जिले में पिछले 17 दिनों से लापता वकील और पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार (35) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में लता भंडारी और उसके भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार देर रात पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने धुनाई बैंड के पास गहरी खाई से धीरेंद्र का शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, धीरेंद्र 17 अक्टूबर की शाम से लापता थे, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 31 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस जांच के दौरान धीरेंद्र की आखिरी बातचीत नुमाइशखेत निवासी लता भंडारी से होना पाई गई। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी लता ने कुबूल किया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेंद्र उसके घर आए थे। विवाद और जबरदस्ती के दौरान बचाव में उसने सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने अपने भाई की मदद से शव को चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन दोनों ने रात के अंधेरे में शव को कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मार्ग पर गोमती नदी किनारे खाई में फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और शव को ठिकाने लगाने वाली कार भी बरामद कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय वकीलों और परिजनों में गहरा आक्रोश है, जिसे देखते हुए इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›