Report by : CWN Desk
Published at :
child death teenager demo child body 1662816013

जिला अस्पताल बागेश्वर के क्लर्क मोहित मेहरा की सड़क हादसे में मौत। गोमती नदी से बरामद हुआ शव, अस्पताल कर्मियों और क्षेत्र में शोक की लहर

बागेश्वर। जिले में एक बेहद दुखद सड़क दुर्घटना सामने आई है। जिला अस्पताल बागेश्वर में क्लर्क के पद पर कार्यरत मोहित मेहरा की सड़क हादसे में असमय मौत हो गई है। उनका शव मंगलवार सुबह दयांगढ़ बाईपास के समीप गोमती नदी से बरामद किया गया। इस दुखद घटना के बाद से पूरे जिला अस्पताल प्रशासन और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम मोहित मेहरा अचानक लापता हो गए थे। परिजनों और स्थानीय लोगों की सूचना पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। दयांगढ़ बाईपास के पास गोमती नदी के किनारे उनकी स्कूटी लावारिस हालत में पाई गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन, फायर सर्विस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने संयुक्त रूप से नदी के आसपास रातभर सघन खोजबीन अभियान चलाया।
मंगलवार सुबह बचाव दल ने गोमती नदी के गहरे पानी से मोहित मेहरा का शव बाहर निकाला। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के रानीखेत (एराड़, पंतकोटली) निवासी मोहित मेहरा मृतक आश्रित कोटे के तहत बागेश्वर जिला अस्पताल में नियुक्त हुए थे और वर्तमान में अडौली क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
मोहित की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, जिला अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में भी गहरा शोक छा गया। अपने युवा और कर्मठ साथी की अचानक हुई मृत्यु से अस्पताल कर्मियों की आंखें नम नजर आईं। पुलिस दुर्घटना के संभावित कारणों की जांच में जुट गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›