बागेश्वर में डीएम अपूर्वा पांडे के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर ठगी का मामला आया सामने। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और पैसे न भेजने की अपील की है।
बागेश्वर। जिले में प्रशासनिक अधिकारियों के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी मोबाइल नंबर से संदेश भेजकर लोगों से धनराशि की मांग की जा रही है, जिसके बाद से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से ऐसे किसी भी संदिग्ध संदेश या फोन कॉल को लेकर पूरी तरह सावधान रहने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागेश्वर की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे के नाम का गलत इस्तेमाल करके जालसाज लोगों को मैसेज भेज रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अनजान नंबर से डीएम या किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं, तो बिना पूरी पुष्टि के बिल्कुल भी भुगतान न करें। इस तरह के मामलों से निपटने के लिए जिला स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदेश की सत्यता की जांच संबंधित आधिकारिक माध्यम से जरूर करें। थोड़ी सी सतर्कता और समझदारी आपको बड़े साइबर फ्रॉड से बचा सकती है। प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे बहकावे में न आएं और ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज को बिना सोचे-समझे आगे फॉरवर्ड करने से बचें।