भैंसियाछाना के हरड़ा में बुधवार रात एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। सुनसान इलाका होने से साढ़े दस घंटे बाद हादसे का पता चला, तब तक तीनों यात्रियों की मौत हो चुकी थी
अल्मोड़ा। जिले स्थित भैंसियाछाना के हरड़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सुनसान इलाका होने के कारण इस भीषण दुर्घटना की जानकारी ग्रामीणों को करीब साढ़े दस घंटे बाद गुरुवार सुबह मिल सकी।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां आसपास कोई आबादी नहीं है। इस वजह से रात भर किसी को भी वाहन के खाई में गिरने की भनक तक नहीं लगी। आशंका जताई जा रही है कि घायल तीनों यात्री रात भर कड़ाके की ठंड में खाई के भीतर ही तड़पते रहे।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब कुछ ग्रामीण उस रास्ते से गुजरे, तब उन्हें खाई में गिरे वाहन का पता चला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जब दुर्घटना का भयावह मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मैक्स वाहन के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए थे।
दुर्घटना के दौरान वाहन के दो टायर निकलकर कुछ दूरी पर जा गिरे थे और सड़क किनारे बना पैराफिट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। तीनों यात्रियों के शव वाहन से बाहर निकलकर खाई में इधर-उधर बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्गम और सुनसान मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम और पैराफिट मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।