अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में प्रेमी के पहली पत्नी के पास लौटने से नाराज महिला ने हंगामा किया और पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस ने हिरासत में लिया।
अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने प्रेमी के पहली पत्नी और बच्चों के पास वापस लौटने से नाराज होकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया। महिला ने एसएसबी कार्यालय के पास एक पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना का वीडियो और खबर तेजी से अल्मोड़ा और पूरे उत्तराखंड में चर्चा का विषय बन गई है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और महिला पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस के शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि महिला और युवक दोनों अपने-पहले परिवारों से अलग होकर गुरुग्राम में साथ रह रहे थे। लेकिन कुछ दिन पहले युवक अपनी पहली पत्नी और बच्चों के पास वापस लौट आया, जिससे यह महिला बेहद आहत और गुस्से में थी।
पेड़ से नीचे उतारे जाने के बाद भी महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह कुछ ही देर बाद कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट पहुंच गई। वहां पहुंचकर उसने एक बार फिर जमकर हंगामा किया और अपनी जान देने की धमकी देने लगी। लगातार हो रहे हंगामे और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत कड़ा कदम उठाते हुए महिला को अपनी हिरासत में ले लिया।
प्रभारी महिला थाना जानकी भंडारी ने मीडिया को जानकारी दी कि महिला को सुरक्षित रूप से वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है और उसे संबंधित न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले में कानूनी नियमों के तहत आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।