Report by : CWN Desk
Published at :
child death teenager demo child body 1662816013

उत्तरकाशी के केदारताल में हुए हिमस्खलन हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने बर्फ में दबे 2 ट्रेकर्स के शव बरामद किए हैं। प्रतिकूल मौसम के कारण सर्च अभियान रुका

उत्तरकाशी। प्रसिद्ध केदारताल क्षेत्र में हुए दर्दनाक हिमस्खलन हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। लापता चल रहे आठ लोगों की खोज में जुटी रेस्क्यू टीम को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। सुबह शुरू हुए सर्च अभियान के दौरान टीम ने बर्फ में दबे दो ट्रेकर्स के शव बरामद कर लिए हैं।
प्रशासन की ओर से सुबह करीब साढ़े सात बजे हेलीकॉप्टर के जरिए 10 सदस्यीय विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर उतारा गया था। टीम ने मुश्किल परिस्थितियों के बीच बर्फ हटाकर एक महिला और एक पुरुष का शव बाहर निकाला। हालांकि, अत्यधिक ठंड और गंभीर स्थिति के कारण अभी दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
केदारताल ट्रेक मार्ग पर रेस्क्यू के दौरान दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। अपराह्न लगभग दो से ढाई बजे के आसपास प्रतिकूल मौसम और विजिबिलिटी कम होने के कारण टीम को सर्च अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद रेस्क्यू दल सुरक्षा के लिहाज से वापस अपने बेस कैंप लौट आया।
बचाव दल ने राहत कार्य को गति देने के लिए घटनास्थल के पास एक वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार कर लिया है। इस हेलीपैड के बनने से अब मौके पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग आसान हो जाएगी, जिससे शवों को नीचे लाने और आगे के रेस्क्यू में काफी मदद मिलेगी। मौसम साफ होने पर बुधवार सुबह से अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
इस आपदा को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लापता गाइड और अन्य ट्रेकरों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने ट्रेकिंग पर जाने वाले अन्य दलों को भी मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए फिलहाल एहतियात बरतने की सख्त सलाह दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›