Report by : CWN Desk
Published at :
child death teenager demo child body 1662816013

नैनीताल के कोटाबाग में रामलीला से लौट रहे 27 वर्षीय राहुल की बाइक फिसलने से मौत हो गई। सड़क पर फैली बजरी के कारण हादसा, रामलीला दो दिन के लिए स्थगित।

नैनीताल। जिले स्थित कोटाबाग में रविवार रात एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया। कोटाबाग में रामलीला मंचन में अभिनय कर अपने घर लौट रहे 27 वर्षीय युवक राहुल जखवाल की बाइक फिसलने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के सम्मान और दुख में स्थानीय रामलीला कमेटी ने मंचन को दो दिन के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौदा निवासी राहुल जखवाल पुत्र भगोत सिंह रामलीला समाप्त होने के बाद देर रात लगभग 12:30 बजे अपने साथी कंचन के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रामलीला स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में राहुल को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक चला रहे कंचन को मामूली चोटें लगीं।
गंभीर रूप से घायल राहुल को तुरंत कोटाबाग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल के असामयिक निधन से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राहुल के पिता पिछले चार वर्षों से ब्रेन स्ट्रोक के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं, जबकि उसका छोटा भाई भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में देश सेवा में तैनात है।
स्थानीय निवासियों ने हादसे के बाद भारी आक्रोश जताते हुए खराब सड़क व्यवस्था को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। लोगों के मुताबिक उक्त सड़क पर पिछले डेढ़ महीने से निर्माण कार्य अधर में लटका है और लगभग छह किलोमीटर के दायरे में कंक्रीट व बजरी फैली हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हादसे रोकने के लिए सड़क निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›